
हिंदी के प्रमुख अख़बारों ने आज एक नहीं अलग-अलग ख़बरों को प्रमुखता दी है. किसी अख़बार ने रोवर प्रज्ञान की चांद पर चहलकदमी तो किसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ग्रीस यात्रा को प्राथमिकता दी है.
आइए आज के प्रमुख अख़बारों की अन्य सुर्खियों पर भी एक नजर डालते हैं, लेकिन उससे पहले अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
अमर उजाला ने पीएम मोदी की ग्रीस यात्रा को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पीएम मोदी अपने एक दिन की ग्रीस यात्रा के दौरान ग्रीस के पीएम किरियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत में रणनीतिक साझेदारी और कृषि, रक्षा, आधुनिक तकनीक एवं कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग का फैसला किया गया.
अख़बार ने प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर उतरने की ख़बर को भी प्रमुखता दी है. इसरो द्वारा जारी वीडियो के हवाले से लिखा कि रोवर प्रज्ञान चांद की सतह पर उतरकर 8 मीटर तक चला. रोवर पर लगा सोलर पैनल सक्रिय हो गया है, जिससे उसे बिजली मिल रही है.
इसके अलावा कवयित्री मधुमिता हत्याकांड में उम्रकैद भुगत रहे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और पत्नि मधुमणि 18 साल बाद जेल से रिहा, यूपी के मुजफ्फरनगर जिला के एक स्कूल की शिक्षिका ने अल्पसंख्यक समुदाय के एक मासूम को बच्चों से पिटवाया, नई दिल्ली के सागरपुर विद्यालय में मिड-डे मील के बाद सोया जूस पीने से 100 छात्र बीमार, हिमाचल प्रदेश के शिमला में भारी बारिश का कहर जारी- जवानों ने 50 लोगों को बचाया, भारत स्थित अमेरिकी थिंक टैंक की रिपोर्ट जारी- मणिपुर में धार्मिक हिंसा का सबूत नहीं, भारत ने स्पष्ट किया- चीन के अनुरोध पर हुई ब्रिक्स से इतर पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पहली बार भारत के तीन भाला फेंक फाइनल में, रूस ने बयान जारी कर कहा- जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत नहीं आएंगे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने शुक्रवार को बताया- 8 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर शीर्ष कोर्ट की रहेगी छुट्टी, पीएम मोदी की डिग्री मांगने के मानहानि मामले में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहींं आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह दी गई है.

हिंदुस्तान ने दिल्ली में होने वाले जी-20 सम्मेलन के दौरान बस सेवा बंद रहने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, दिल्ली में 9 से 10 सितंबर के बीच होने वाले जी-20 सम्मेलन के दौरान लुटियंस दिल्ली क्षेत्र में बस सेवा बंद रहेगी. प्रतिबंध से जुड़ा आदेश 7 सितंबर मध्यरात्रि से 10 सितंबर की मध्यरात्रि तक लागू रहेगा.
अख़बार ने दिल्ली के सागरपुर इलाके में मिड-डे मील के बाद जूस पीने से बच्चों के बीमार होने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, शुक्रवार शाम को सर्वोदय विद्यालय में मिड-डे मील में जूस पीने के बाद 70 बच्चे बीमार हो गए. बच्चों के पेट दर्द होने के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने जांच के लिए जूस के पैकेट को प्रयोगशाला भेजा है.
इसके अलावा चांद की सतह पर रोवर प्रज्ञान 8 मीटर तक घूमा, केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्मार्ट सिटी रैंकिंग जारी, पीएम मोदी की ग्रीस यात्रा- दोनों देश कृषि, रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएंगे, सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर हिंसा के 17 मामलों की सुनवाई को गुवाहाटी हाईकोर्ट में किया स्थानांतरित, राष्ट्रपति चुनाव में धोखाधड़ी पर ट्रंप का आत्मसमर्पण आदि ख़बरों को भी पहले पन्ने पर जगह मिली है.

दैनिक जागरण ने पीएम मोदी द्वारा ग्रीस की यात्रा को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि यूरोपीय देशों के साथ अपनी साझेदारी बढ़ाने के भारत के प्रयास में एक और कदम बढ़ाया गया है. एथेंस में पीएम मोदी और ग्रीस के पीएम किरियाकोस मित्सोटाकिस के बीच हुई द्विपक्षीय साझेदारी बनने के साथ ही हर क्षेत्र में रिश्तों को प्रगाढ़ करने का फैसला किया गया.
अख़बार ने चंद्रमा की सतह पर प्रज्ञान रोवर की गतिविधि को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचकर भारत के स्वर्णिम इतिबास में एक और अध्याय जोड़ने के बाद लैंडर और रोवर पूरी तन्मयता से काम पर जुट गए हैं. ख़बर के मुताबिक, इसरो ने एक्स पर लिखा ‘चंद्रयान-3’ के रोवर प्रज्ञान ने चंद्रमा पर लगभग आठ मीटर की दूरी तय कर ली है.’
इसके अलावा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में पहली बार तीन भारतीय पहुंचे, नौसेना के लिए पांच स्वदेशी पोतों का निर्माण करेगा हिंदुस्तान शिपयार्ड, स्कूलों में केंद्र सरकार द्वारा नए पाठ्यक्रम जारी- परीक्षा ही नहीं, पढ़ाई के दबाव से भी उभरेंगे स्कूली बच्चे, अब ईडी और सीबीआई करेगी बंगाल के सहकारी समिति घोटाले की जांच, मधुमिता शुक्ला हत्याकांड में दोषी यूपी के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी और उनकी पत्नी मधुमणि की रिहाई, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- पूरा लद्दाख जानता है चीन ने जमीन कब्जाई है आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी.

जनसत्ता ने सितंबर में भारत में होने वाले जी-20 सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नहीं आने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने क्रेमलिन द्वारा दी गई सूचना के हवाले से लिखा कि रूस के राष्ट्रपति 9 से 10 सितंबर के बीच दिल्ली में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं होंगे. ख़बर के मुताबिक पुतिन की अनुपस्थिति का मुख्य कारण व्यस्तता और यूक्रेन में ‘विशेष सैन्य अभियान’ को बताया गया है.
अख़बार ने दक्षिण अफ्रिका के जोहानिसबर्ग में ब्रिक्स सम्मेलन से इतर चीन-भारत के बीच वार्तालाप के बाद हुए विवाद को दूसरी सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि चीन ने कहा था कि भारत की पहल पर यह बातचीत की गई थी, लेकिन शुक्रवार को भारतीय सूत्रों ने कहा कि द्विपक्षीय बैठक के लिए चीन ने भारत से अनुरोध किया था.
इसके अलावा चांद की सतह पर प्रज्ञान की 8 मीटर तक चहलकदमी, शरद पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से बागावत कर भाजपा में मिले नेता अजित पवार को बताया अपना नेता- फिर बयान से पलटे, पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने कहा- लगा सकता हूं राज्य में राष्ट्रपति शासन, मधुमति हत्याकांड मामले में दोषी उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी व पत्नी मधुमणि की रिहाई, सुप्रीम कोर्ट ने नफरती भाषण और मॉब लिंचिंग से निपटने के लिए सख्ती की बात कही, पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में तीन भारतीय भालाफेंक पहुंचे आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.

दैनिक भास्कर ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की तबाही के बाद मानसून के कमजोर पड़ने की ख़बर को पहली सुर्खी बनाया है. अख़बार ने लिखा कि बारिश के बाद धूप निकलने से भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है. वहीं, बारिश की वजह से कुल्लू-मनाली का संपर्क पिछले चार दिनों से अन्य राज्यों से कटा हुआ है. कुल्लू में 2000 हजार से अधिक वाहन चार दिनों से यातायात बहाली का इंतजार कर रहे हैं.
अख़बार ने पंजाब के राज्यपाल द्वारा राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की चेतावनी को दूसरी सुर्खी बनाया है. ख़बर के मुताबिक, पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा. उन्होंने लिखा कि राजभवन द्वारा मांगी गई जानकारियां सरकार की ओर से नहीं दी जा रही हैं. यह संवैधानिक कर्तव्य का अपमान है. इसलिए संवैधानिक कार्रवाई के रूप में राष्ट्रपति शासन लागू किया जा सकता है.
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट का फैसला- मणिपुर हिंसा से जुड़े केसों की सुनवाई अब गुवाहाटी में होगी, अमेरिका में पहली बार राष्ट्रपति को जेल- 20 मिनट बाद जमानत पर रिहा हुए डोनाल्ड ट्रंप, इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड- इंदौर को मिला पहला रैंक आदि ख़बरों को भी अख़बार ने पहले पन्ने पर जगह दी है.
अगर आप रोज़नामचा को अपने ई-मेल पर पाना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें.
Newslaundry is a reader-supported, ad-free, independent news outlet based out of New Delhi. Support their journalism, here.